Advanced GOOGLE Search

Custom Search

GOOGLE RESULTS

Wednesday, June 3, 2009

कांग्रेस ने एक ही मुसलिम को कैबिनेट मंत्री बनाया

केंद्र में कांग्रेस कोटे से मात्र एक सांसद को कैबिनेट मंत्री बनाने पर मुसलमानों को काफी मलाल है। आजादी के बाद पहली बार सिर्फ एक मुसलिम सांसद को कांग्रेस कोटे से कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। हालांकि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में सैयद शहनवाज हुसैन भी इकलौते कैबिनेट मंत्री थे। मंत्रिमंडल में संतुलन नहीं बनाने से मुस्लिम संगठनों में नाराजगी है। स्वतंत्रता के बाद पं। जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में बनी पहले मंत्रिमंडल में मौलाना आजाद और रफी अहमद किदवई जैसी हस्तियों को जगह मिली थी। उसके बाद इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में फखरुद्दीन अली अहमद और मुईनुल हक चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद एआर अंतुले भी श्रीमती गांधी के मंत्रिमंडल में शामिल कर लिए गए थे। 1980 में राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने पर मोहसिना किदवई, अबुल बरकात गनी खां चौधरी और गुलाम नबी आजाद को मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण विभाग दिए गए थे। वहीं गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बनने के बाद वीपी सिंह ने पहली बार किसी मुसलिम को गृहमंत्री बनाया था। मुफ्ती सईद देश के पहले मुस्लिम गृहमंत्री बनाए गए थे। इसके अलावा आरिफ मुहम्मद खां और रशीद मसूद कैबिनेट मंत्री थे। अब तक सबसे अधिक मंत्री किसी प्रधानमंत्री के कार्यकाल में बने हैं तो वे पीवी नरसिंह राव थे। उनके मंत्रिमंडल में गुलाम नबी आजाद, सीके जाफर शरीफ और एआर अंतुले कैबिनेट मंत्री थे, जबकि छह मुसलिम सांसद राज्यमंत्री थे। संप्रग की पिछली सरकार में भी कांग्रेस कोटे से गुलाम नबी आजाद, पीएम सईद और एआर अंतुले कैबिनेट मंत्री थे। गुलाम नबी आजाद को कश्मीर भेजने के बाद सैफुद्दीन सोज को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था, लेकिन इस बार कांग्रेस अपनी रिवायत से चूक गई है। इसका मुसलमानों को बेहद मलाल है। कांग्रेस को भी पता है कि मुसलमानों ने इस बार क्षेत्रीय पार्टियों को काफी हद तक नकारकर कांग्रेस की तरफ अपना रूख किया है। दूसरी तरफ एक प्रतिशत से भी कम आबादी वाले सिख समुदाय से प्रधानमंत्री तथा एमएस गिल को कैबिनेट तथा परणीत कौर को राज्यमंत्री बनाया गया है, जबकि देश की 15 प्रतिशत आबादी को कैबिनेट में नेतृत्व के नाम पर सिर्फ एक जगह दी गई है। वही देश की डेढ़ प्रतिशत आबादी वाले ईसाई समुदाय से दो कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। इनमें एके एंटोनी और ऑस्कर फर्नाडिस शामिल हैं।

No comments: